छिन्दवाड़ा :- भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2013 बैच के अधिकारी श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने सोमवार को कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी पांढुर्णा के पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। नवागत कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने निवर्तमान कलेक्टर एवं 2014 बैच के आई.ए.एस. अधिकारी श्री अजय देव शर्मा से कलेक्टर के पद का प्रभार प्राप्त किया।
इस अवसर पर कलेक्टर कार्यालय में निवर्तमान कलेक्टर श्री शर्मा के साथ ही, एसडीएम पांढुर्णा श्रीमती अल्का एक्का सहित विभिन्न विभागों एवं कलेक्टर कार्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नवागत कलेक्टर का स्वागत किया।
उल्लेखनीय है कि नवागत कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ इसके पहले संचालक विमुक्त घुमन्तु एवं अर्ध्दघुमन्तु जनजाति भोपाल के पद पर पदस्थ थे। राज्य शासन ने हाल ही में 30 सितंबर को आदेश जारी कर पांढुर्णा में पदस्थ रहे निवर्तमान कलेक्टर श्री अजय देव शर्मा की पदस्थापना उप सचिव, मध्यप्रदेश शासन, राजस्व विभाग तथा अतिरिक्त आयुक्त, भू-संसाधन प्रबंधन, भोपाल (अतिरिक्त प्रभार) के पद पर की है। इसी आदेश के परिपालन में नवागत कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने 06 अक्टूबर 2025 को कार्यभार ग्रहण किया है।





